Tuesday, October 20th, 2026

 भाजपा सांसद ने बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की

नई दिल्ली
 बिहार के हर जिले में जहरीली शराब से हो रही मौतों और अराजकता का मुद्दा उठाते हुए बिहार के औरंगाबाद से भाजपा लोक सभा सांसद सुशील कुमार सिंह ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक सभा सांसद राजीव प्रताप रूडी और बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं लोक सभा सांसद संजय जायसवाल ने गुरुवार को लोक सभा में यह मसला उठाते हुए केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कार्रवाई करने की मांग की।

आईएएनएस से बात करते हुए भाजपा सांसद सुशील कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार जहरीली शराब पिला-पिलाकर लोगों की सामूहिक हत्याएं करा रही है इसलिए उनके खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।

सिंह ने कहा कि बिहार में अराजकता के हालात हैं, कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। राज्य में शराब माफिया और बालू माफिया हावी है। मुख्यमंत्री का नियंत्रण शासन प्रशासन के साथ-साथ अपनी भाषा पर भी खत्म हो चुका है। इसलिए राज्य में महागठबंधन की सरकार को बर्खास्त कर बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाना चाहिए।

 

#राष्ट्रपति शासन

Source : Agency

पाठको की राय